वी मार्ट में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को बताए सुरक्षा के उपाय
अटल बिहारी शर्मा
लखनऊ। थाना नाका हिंडोला क्षेत्र के चौकी पानदरीबा के अंतर्गत वी मार्ट में बुधवार को साइबर अपराध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार सैनी, उपनिरीक्षक रविश भाटी, उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह तथा महिला आरक्षी अदिति रावत ने साइबर अपराधों के संबंध में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
इन साइबर अपराधों के बारे में दी जानकारी
पुलिसकर्मियों ने साइबर स्टॉकिंग, फोटो मॉर्फिंग, साइबर बुलिंग, अश्लील वीडियो के माध्यम से होने वाले अपराध, डिजिटल अरेस्ट, फेक शॉपिंग साइट, फेक जॉब प्रोवाइडिंग वेबसाइट, फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी दी।
इसके साथ ही सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन बैंकिंग एवं पेमेंट सुरक्षा, ऑनलाइन शॉपिंग में सावधानी, डिजिटल पहचान और डेटा प्राइवेसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया।
साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर अपराध या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए 1930 पर कॉल करने, 1090 पर महिला संबंधी अपराधों की शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में stopncii.gov के माध्यम से संबंधित सहायता प्राप्त करने तथा थाने पर गठित साइबर हेल्प डेस्क टीम से संपर्क करने के बारे में भी बताया गया।
महिला संबंधी अपराधों के प्रति भी किया जागरूक
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिला संबंधी अपराधों के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया। पुलिस ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अटल सत्य टीवी न्यूज़ 24
निष्पक्ष खबरों का संग्रह


